दक्षिण अफ्रीका के क्लीवलैंड में 12 लोगों की गोली मारकर हत्या, नौ अन्य लोग घायल

युगवार्ता    10-Jun-2026
Total Views |
c12e01f2a13ff5587e1e9e4aedb8242d_1963386186.jpg


जोहान्सबर्ग, 10 जून (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका में जोहान्सबर्ग के पास क्लीवलैंड में अज्ञात लोगों ने कम से कम 12 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। दक्षिण अफ्रीका की पुलिस का कहना है कि यह वारदात मंगलवार देर रात क्लीवलैंड की एक अनधिकृत बस्ती में हुई। इस हमले में नौ अन्य लोग घायल हो गए। संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

दक्षिण अफ्रीका न्यूज चैनल टाइम्स लाइव की रिपोर्ट के अनुसार क्लीवलैंड में एक पेट्रोल स्टेशन के पास सफेद रंग की टोयोटा क्वांटम गाड़ी से 10 से अधिक बंदूकधारी उतरे। बंदूकधारियों ने बस्ती में घुसते ही कई स्थानों पर निवासियों पर गोलियां चलाईं और फिर उसी गाड़ी में बैठकर भाग गए।

स्थानीय पुलिस विभाग ने बताया कि अधिकारियों ने मंगलवार को स्थानीय समयानुसार रात लगभग 11:10 बजे (जीएमटी) पर गोलीबारी की वारदात की शिकायत पर कार्रवाई की। घायलों के इलाज के लिए आपातकालीन चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई गई। पुलिस ने बताया कि आठ पुरुषों और तीन महिलाओं की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। घायल कम से कम नौ अन्य लोगों को अलग-अलग चिकित्सा केंद्रों में ले जाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags