
नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ने, चुनिंदा शेयरों में ऊपरी स्तर से बिकवाली होने और कमजोर ग्लोबल संकेतों की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज बढ़त हासिल करने के बावजूद सपाट स्तर पर मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी सपाट स्तर पर ही हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई, लेकिन दोपहर एक बजे के बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी ने 0.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान एफएमसीजी और प्राइवेट बैंक सेक्टर के शेयरों में खरीदारी होती रही। दूसरी ओर पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, ऑयल एंड गैस, मेटल और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में जमकर बिकवाली होती रही। इसी तरह ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, हेल्थ केयर और आईटी इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में दिनभर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 455.58 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 459.05 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.47 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,369 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,472 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,748 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 149 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,992 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 802 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,190 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर बढ़त के साथ और 18 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 19 शेयर हरे निशान में और 31 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 69.51 अंक की तेजी के साथ 73,988.27 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर एक बजे के करीब यह सूचकांक 694.25 अंक की मजबूती के साथ 74,613.01 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में कमजोरी आने लगी।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 715 अंक से अधिक टूट कर 21.19 अंक की कमजोरी के साथ 73,897.57 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि आखिरी वक्त में हुई मामूली खरीदारी की वजह से यह सूचकांक 64.42 अंक की मामूली बढ़त के साथ 73,983.18 अंक के स्तर पर बंद होने में सफल रहा।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 8.15 अंक की कमजोरी के साथ 23,233.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में भी तेजी आ गई। लगातार हो रही लिवाली के कारण दोपहर एक बजे तक यह सूचकांक 183.25 अंक की मजबूती के साथ 23,425.35 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी।
लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 240 अंक से अधिक टूट कर 57.50 अंक की कमजोरी के साथ 23,184.60 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई खरीदारी की वजह से निफ्टी निचले स्तर से करीब 30 अंक की रिकवरी कर 27.15 अंक की गिरावट के साथ 23,214.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से नेस्ले 1.98 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.72 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 1.71 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा 1.68 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 1.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 3.47 प्रतिशत, कोल इंडिया 3.41 प्रतिशत, इंफोसिस 2.97 प्रतिशत, ओएनजीसी 2.74 प्रतिशत और एटरनल 2.38 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक