
नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। तिलहन फसलों की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। गुरुवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के अंतर्गत भारतीय तिलहन अनुसंधान संस्थान ने ‘ऑयलसीड्स किसान मित्र’ नामक देश की पहली व्हाट्सएप आधारित एआई सलाहकार सेवा शुरू की है।
इस सेवा के जरिए किसान अब घर बैठे अपने मोबाइल पर ही तिलहन फसलों से जुड़ी हर तरह की वैज्ञानिक और शोध आधारित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। खास बात यह है कि यह सेवा 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन और पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध रहेगी।
कृषि मंत्रालय ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि ऑयलसीड्स किसान मित्र एप का व्हाट्सएप का नंबर +91 4024598180 रखा गया है जिस पर किसानों को उनकी भाषा में सवालों का जवाब मिल सकता है। चैटबॉट पर पूछे गए सवालों का तुरंत जवाब देकर फसल प्रबंधन, उन्नत किस्मों के चयन, कीट एवं रोग नियंत्रण, सिंचाई और कटाई के बाद की तकनीकों संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएगा।
यह सेवा मूंगफली, सरसों, तिल, सूरजमुखी, सोयाबीन और रामतिल जैसी प्रमुख तिलहन फसलों के लिए उपयोगी होगी।
आईसीएआर-आईआईओआर के निदेशक आर के माथुर ने मीडिया को बताया कि पहली बार आईसीएआर के तिलहन अनुसंधान का लाभ देश के हर किसान तक उसकी अपनी भाषा में व्हाट्सएप के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। इससे भाषा, दूरी और लागत जैसी बाधाएं समाप्त होंगी।
यह पहल खरीफ बुवाई सीजन के दौरान किसानों को सही समय पर सही सलाह उपलब्ध कराने और देश में तिलहन उत्पादन बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी