असम : कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर आयोजित प्रगति पथ यात्रा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल

11 Jun 2026 14:52:53
गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर आयोजित प्रगति पथ यात्रा में शामिल केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल, स्थानीय विधाय विजय गुप्ता एवं अन्य।


गुवाहाटी, 11 जून (हि.स.)। असम के गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर गुरुवार काे 'प्रगति पथ यात्रा' आयोजित की गयी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, स्थानीय विधायक विजय गुप्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

ज्ञात हो कि विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आज आयोजन किया गया। जिसमें केंद्रीय मंत्री के साथ ही समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के आरंभ में कुमार भास्कर वर्मा सेतु पर आयोजित 'प्रगति पथ यात्रा' के साथ हुई। यात्रा के दौरान उपस्थित जनसमुदाय के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों, बुनियादी ढांचे में आए क्रांतिकारी बदलावों और जनकल्याणकारी उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया गया।

इसके पश्चात, उत्तर गुवाहाटी स्थित ऐतिहासिक श्री दोल गोविन्द मंदिर परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां पर्यावरण संरक्षण और हरित चेतना का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' में स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध जनों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया, जहां देश और राज्य के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

इसी कड़ी में, एक विशेष जनसंपर्क अभियान भी चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से स्थानीय नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से भेंट कर उनके बहुमूल्य विचार, प्रतिक्रियाएं और सुझाव प्राप्त किए गए।

असम की निरंतर होती प्रगति, सुदृढ़ और आधुनिक होती आधारभूत संरचना और हर वर्ग में दिख रहा जनभागीदारी का यह अभूतपूर्व उत्साह इस बात का प्रतीक है कि 'विकसित भारत' का संकल्प अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है, जो देश को एक नई और संप्रभु शक्ति प्रदान कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Powered By Sangraha 9.0