
नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जॉर्जिया से वांछित वैन्केट गर्ग का प्रत्यर्पण कराया है। गर्ग हरियाणा पुलिस के कई मामलों में वांछित है, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, संगठित अपराध और अवैध हथियारों का इस्तेमाल शामिल है। उसे जॉर्जिया में गिरफ्तार करने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी पर गुरुवार को भारत लाया गया।
सीबीआई ने बताया कि सक्रिय समन्वय के तहत हरियाणा पुलिस की एस्कॉर्ट टीम जॉर्जिया गई। यह टीम वैन्केट गर्ग को लेकर 11 जून को दिल्ली पहुंची, जहां उसे सीबीआई ने हिरासत में लिया। इस कार्रवाई में सीबीआई को विदेश मंत्रालय गृह मंत्रालय और हरियाणा पुलिस ने सहयोग किया। इंटरपोल चैनलों के माध्यम से एनसीबी‑नई दिल्ली ने वैन्केट गर्ग के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था। इसके आधार पर जॉर्जियाई अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार किया और भारत के अनुरोध पर प्रत्यर्पण की अनुमति दी। एजेंसी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर