देवाशीष सामंतराय निर्विरोध राज्यसभा के लिए निर्वाचित

11 Jun 2026 18:22:53
देवाशीष सामंतराय


भुवनेश्वर, 11 जून (हि.स.)। देवाशीष सामंतराय को ओडिशा से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। निर्धारित उपचुनाव में किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल न करने के कारण उन्हें निर्विरोध चुन लिया गया ।

राज्यसभा उपचुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 18 जून 2026 को मतदान की तारीख निर्धारित की गई थी। लेकिन नामांकन वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद स्पष्ट हुआ कि इस सीट के लिए कोई प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार मैदान में नहीं है।

उल्लेखनीय है कि देवाशीष सामंतराय द्वारा पहले बीजू जनता दल की प्राथमिक सदस्यता से और बाद में राज्यसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दिये जाने के कारण यह सीट रिक्त हुई थी । इसके बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें रिक्त सीट के लिए उम्मीदवार बनाया।

सामंतराय को फरवरी 2024 में बीजेडी के उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा के लिए निर्वाचित किया गया था, जिनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक निर्धारित था। उनके इस्तीफे के बाद उपचुनाव कराया जाना आवश्यक हुआ।

प्रतिद्वंद्वी के अभाव में उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित किया गया है और वे अब शेष कार्यकाल, यानी अप्रैल 2030 तक, राज्यसभा के सदस्य बने रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Powered By Sangraha 9.0