भारत के लेबर मार्केट सुधारों के लिए 4 लेबर कोड और डिजिटल प्लेटफॉर्म अहम : करंदलाजे

11 Jun 2026 16:03:53
जिनेवा में आयोजित 114वें अंतराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन को संबोधित करते शोभा करंदलाजे


नई दिल्ली, 11 जून (हि.स)। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने जिनेवा में 114वें अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन के पूर्ण सत्र को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में भारत के श्रम सुधारों, सामाजिक सुरक्षा और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना पर प्रकाश डाला। साथ ही करांदलाजे ने रवांडा की लोक सेवा एवं श्रम मंत्री क्रिस्टीन नकुलिकियिंका के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की।

शोभा करंदलाजे ने 114वें अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन के पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने अंत्योदय के सिद्धांत के अनुरूप व्यापक श्रम सुधार किए हैं। उन्होंने बताया कि इसके तहत 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को चार श्रम संहिताओं में समेकित किया गया है, ताकि अनुपालन को सरल बनाया जा सके, श्रमिकों के कल्याण को मजबूत किया जा सके और एक आधुनिक तथा पारदर्शी श्रम परितंत्र का निर्माण किया जा सके।

करंदलाजे ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा में 114वें अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। केंद्रीय मंत्री ने सम्मेलन के आयोजन पर अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन को बधाई दी और तेजी से हो रहे वैश्विक परिवर्तनों के बीच सामाजिक न्याय और सम्मानजनक कार्य को बढ़ावा देने में इसके नेतृत्व की सराहना की।

इस दौरान शोभा करांदलाजे ने रवांडा की लोक सेवा एवं श्रम मंत्री क्रिस्टीन नकुलिकियिंका के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। साथ ही उन्होंने श्रीलंका के श्रम मंत्री अनिल जयंत फर्नांडो के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। इस दौरान श्रीलंका ने भारत के श्रम सुधारों में गहरी रुचि दिखाई और चार नए श्रम कानूनों के सफल कार्यान्वयन पर जानकारी ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0