ईरान का आरोप- अमेरिकी हमलों ने युद्धविराम को किया बेअसर

11 Jun 2026 21:28:53

तेहरान, 11 जून (हि.स.)। ईरान ने हालिया अमेरिकी सैन्य हमलों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इन कार्रवाइयों ने अप्रैल में हुए संघर्षविराम को व्यावहारिक रूप से निरर्थक बना दिया है। ईरानी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर अमेरिकी हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर की भावना के खिलाफ बताया तथा इसके संभावित गंभीर परिणामों के लिए वाशिंगटन को जिम्मेदार ठहराया।

मंत्रालय के अनुसार, ईरान के विभिन्न क्षेत्रों को निशाना बनाकर की गई सैन्य कार्रवाई ने क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को गंभीर चुनौती दी है। ईरान ने आरोप लगाया कि हमलों की तैयारी और क्रियान्वयन में पश्चिम एशिया के कुछ देशों की भूमि और सुविधाओं का उपयोग किया गया, जिससे वे भी इस विवाद का हिस्सा बन गए हैं।

ईरान ने दोहराया कि वह अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकार रखता है। साथ ही क्षेत्रीय देशों से अपील की गई कि वे अपनी धरती का इस्तेमाल किसी भी सैन्य कार्रवाई के लिए न होने दें।

ईरानी विदेश मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों से भी आग्रह किया कि वे अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन और एकतरफा सैन्य कार्रवाइयों का विरोध करें। उसका कहना है कि मौजूदा हालात में वैश्विक समुदाय को तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

इस बीच, अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसके बलों ने ईरान की ओर से जारी हमलों और सुरक्षा चुनौतियों के जवाब में कई लक्ष्यों पर कार्रवाई की।

वहीं, ईरान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0