झारखंड सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लाेगाें की मौत, चार गंभीर

11 Jun 2026 22:06:53
दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तस्वीर


गुमला, 11 जून (हि.स.)। बसिया–कोलेबीरा थाना क्षेत्र के सीमांत स्थित अघरमा गांव में गुरुवार को एक सड़क हादसे में तीन मासूम बच्चों सहित पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो (जेएच 01 बी एम 54 54) में सवार एक ही परिवार के नौ लोग लोहरदगा से कोलेबिरा प्रखंड के लसिया मेहमानी आ रहे थे। कार जब अघरमा गांव के समीप पहुंची तो चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और कार सड़क के किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस दौरान स्कार्पियों की रफ्तार काफी तेज थी। लिहाजा कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मरने वालों की पहचान लोहरदगा निवासी 58 वर्षीय गुलाम मुस्तफा, 5 वर्षीय अर्श हाशमी, 3 वर्षीय अनाबिया परवीन, 55 वर्षीय गुलशन और लसिया कोलेबिरा प्रखंड निवासी डेढ़ वर्षीय आयरा परवीन रूप में हुई।

गुलाम मुस्तफा एवं गुलशन दोनों पति-पत्नी थे। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार लोगों की रोने की आवाज सुनकर अगल-बगल के लोग दुर्घटना स्थल पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे सभी घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया जो आधा घंटे की देरी पहुंची। इस बीच कुछ घायलों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कोलेबिरा पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और गंभीर रूप से घायल एक महिला-एक पुरुष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। मगर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने अपने-अपने वाहनों से अन्य घायलों को उठाकर तत्काल कोनबीर रेफरल अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने 5 वर्षीय उमर नवाज, पिता अर्श नवाज, 28 वर्षीय हिना परवीन, 33 वर्षीय अकरम खलीफा एवं 30 वर्षीय नेहा परवीन को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने मृतक के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Powered By Sangraha 9.0