केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने रामगढ़ में किया 20 किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन

11 Jun 2026 17:48:53
उद्घाटन


जैसलमेर, 11 जून (हि.स.)। रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को आकाशवाणी जयपुर परिसर से जैसलमेर जिले के रामगढ़ में स्थापित 20 किलोवाट क्षमता के आकाशवाणी एफएम ट्रांसमीटर का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से राजस्थान में एफएम ट्रांसमीटरों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है।

नए ट्रांसमीटर के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र में लगभग 80 किलोमीटर के दायरे में रेडियो प्रसारण उपलब्ध होगा। इससे जैसलमेर जिले के करीब 20 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में रहने वाले लोगों को समाचार, शिक्षा, कृषि, जनकल्याण और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों का लाभ मिलेगा।

बदलते तकनीकी दौर में रेडियो प्रसारण को प्रासंगिक और प्रभावशाली बनाए रखने के लिए डिजिटल फर्स्ट और हाइपर-लोकल दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है।

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रसार भारती के अधिकारियों को इस दिशा में रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए तथा स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को प्रसारण व्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया।

उन्होंने जयपुर में विकसित किए जा रहे एआई डेटा सेंटर का उल्लेख करते हुए इसे भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने कहा कि आकाशवाणी और दूरदर्शन जैसे संस्थान आज भी समाज की जड़ों से जुड़े हुए हैं और जनसामान्य तक विश्वसनीय सूचना पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह ट्रांसमीटर सीमावर्ती क्षेत्रों में आकाशवाणी और दूरदर्शन की पहुंच को मजबूत करेगा तथा कश्मीर से कच्छ तक प्रसारण अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने की परिकल्पना को आगे बढ़ाएगा। इससे सीमा क्षेत्र के लोगों को राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर की सूचनाएं अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी।

आकाशवाणी जयपुर परिसर में आयोजित समारोह में राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Powered By Sangraha 9.0