
नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार शुक्रवार को यहां विज्ञान भवन में सारथी (स्ट्रैटेजिक एडवाइजरी एंड रिफॉर्म्स टास्कफोर्स फॉर होलिस्टिक आईटीआई ट्रांसफॉर्मेशन) की पहली बैठक में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को सशक्त बनाने और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रणाली को उद्योग की बदलती आवश्यकताओं तथा भविष्य की कार्यबल जरूरतों के अनुरूप बनाए रखने पर चर्चा करेगी।
मंत्रालय ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी करेंगे। इसमें केंद्र और राज्य सरकारों, उद्योग जगत, नियामक संस्थाओं और कौशल क्षेत्र के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सारथी को क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग योजना के तहत एक शीर्ष सलाहकारी तंत्र के रूप में स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को सशक्त बनाना और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रणाली को उद्योग की बदलती आवश्यकताओं तथा भविष्य की कार्यबल जरूरतों के अनुरूप बनाए रखना है।
देशभर में वर्तमान में 13,888 आईटीआई संचालित हो रहे हैं, जिनमें 3,326 सरकारी और 10,562 निजी संस्थान शामिल हैं। ये 169 मानक अनुरूप ट्रेडों में प्रशिक्षण प्रदान करते हैं। सारथी दीर्घकालिक रणनीतिक मार्गदर्शन देकर पाठ्यक्रम, मूल्यांकन, शासन, गुणवत्ता आश्वासन, संस्थागत विकास और उद्योग सहभागिता जैसे क्षेत्रों में सुधार को दिशा देगा।
इस पहली बैठक में राष्ट्रीय आईटीआई ग्रेडिंग ढांचा, वार्षिक अखिल भारतीय आईटीआई कौशल प्रतियोगिता, प्रौद्योगिकी आधारित मूल्यांकन सुधार, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना, प्रशिक्षक विकास और योग्यता मानक, पहुंच मार्गों का विस्तार तथा संस्थागत शासन और उद्योग संबंधों को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
मंत्रालय ने कहा कि सारथी केंद्र‑राज्य समन्वय, संरचित उद्योग भागीदारी और सूचित नीति निर्माण के लिए एक स्थायी संस्थागत तंत्र प्रदान करेगा, जिससे भारत की व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रणाली अधिक भविष्य‑उन्मुख, समावेशी और परिणाम‑आधारित बन सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर