कॉमेडी शो मामले में एनसीडब्ल्यू ने हरियाणा डीजीपी को दिए कार्रवाई के निर्देश

11 Jun 2026 18:59:53
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर


नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने गुरुग्राम में आयोजित एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो से जुड़े वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए गुरुवार को पुलिस महानिदेशक को कार्रवाई के निर्देश दिए है। स्टैंडअप कॉमेडी के दौरान एक महिला के प्रति जबरदस्ती छूने और गैर-सहमति वाले व्यवहार का महिमामंडन करने वाली टिप्पणियां की गईं, जिन्हें दर्शकों द्वारा सराहा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग को अध्यक्ष विजया रहाटकर ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर तत्काल, सख्त और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। आयोग ने सात दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट भी मांगी है।

आयोग ने भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज होने की स्थिति, संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई, वायरल वीडियो की जांच और सत्यापन सहित कार्यक्रम आयोजकों, कलाकारों और आयोजन स्थल प्रबंधन की भूमिका की जांच करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग ने मामले की सुनवाई के लिए कॉमेडियन प्रणित मोरे और 370 की बिरयानी कहने वाले हिमांशु जांगड़ा को नोटिस जारी किया है। दोनों को 22 जून को शाम 04 बजे आयोग के समक्ष उपस्थित होने के लिए तलब किया गया है।

इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आयोग ने दोहराया कि महिलाओं पर अधिकार जताने की मानसिकता या उनकी स्वायत्तता के प्रति अनादर को हास्य या मनोरंजन के रूप में प्रस्तुत करना अस्वीकार्य है और यह भारतीय संविधान तथा कानूनों द्वारा महिलाओं को प्रदान किए गए समानता, गरिमा और सुरक्षा के सिद्धांतों के विरुद्ध है।

आयोग ने वायरल वीडियो की सामग्री पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं की सहमति, गरिमा और शारीरिक स्वायत्तता का अनादर करने वाले व्यवहार को सामान्य या मनोरंजक रूप में पेश करने से समाज में लैंगिक हिंसा को बढ़ावा मिलता है। यह मानसिकता महिलाओं को वस्तु के रूप में देखने की प्रवृत्ति को मजबूत करती है, जिससे वास्तविक जीवन में उनके प्रति होने वाले अपराधों और दुर्व्यवहार को सामाजिक स्वीकृति मिलने लगती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0