निजी कार्यक्रम में शामिल होने कानपुर पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत

11 Jun 2026 12:59:53
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रेलवे स्टेशन परिसर से बाहर आते आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत


कानपुर, 11 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत गुरुवार को उत्तर प्रदेश के शहर कानपुर पहुंचे। उनका यह दौरा एक निजी पारिवारिक कार्यक्रम के सिलसिले में है। उनके आगमन के मद्देनजर रेलवे स्टेशन से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।

मोहन भागवत सुबह डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचे। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में वाहन से सिविल लाइंस स्थित विश्राम स्थल के लिए रवाना हुए। उनके आगमन को देखते हुए स्टेशन परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

दरअसल, पूर्व क्षेत्र संघचालक वीरेंद्रजीत सिंह की पौत्री एवं वरिष्ठ समाजसेविका एवं शिक्षाविद डॉ. नीतू सिंह के परिवार में शादी का कार्यक्रम है। उनकी सुपुत्री वसुंधरा का विवाह 21 जून को संपन्न होना है। इस मुख्य विवाह कार्यक्रम से पहले आज आजाद नगर में एक विशेष आशीर्वाद समारोह रखा गया है। संघ प्रमुख इसी आशीर्वाद कार्यक्रम में पहुंचकर नए जोड़े को अपनी शुभकामनाएं और आशीर्वाद देंगे।

कार्यक्रम में सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े कई प्रमुख लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसी कारण कार्यक्रम सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार निर्धारित समय के दौरान कुछ मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही सीमित की गई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट प्रभावित न हो। प्रशासन ने लोगों से ट्रैफिक संबंधी निर्देशों का पालन करने और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Powered By Sangraha 9.0