एनसीएए चैंपियनशिप : जा’कोबे थार्प ने 110 मीटर बाधा दौड़ में तोड़ विश्व रिकॉर्ड

11 Jun 2026 09:36:53
अमेरिका के युवा एथलीट जा’कोबे थार्प


यूजीन (अमेरिका) 11 जून (हि.स.)।

अमेरिका के युवा एथलीट जा’कोबे थार्प ने एनसीएए आउटडोर चैंपियनशिप के हीट मुकाबले में गुरुवार को पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया।

ऑबर्न विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर रहे थार्प ने 12.75 सेकंड का समय निकाला और पूर्व विश्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमेरिका के एरीज़ मेरिट के नाम था, जिन्होंने वर्ष 2012 में 12.80 सेकंड का समय दर्ज किया था।

विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद थार्प ने कहा,“मैंने ऐसा करने की योजना नहीं बनाई थी। सच कहूं तो मेरा ऐसा इरादा नहीं था।”

पांचवीं लेन में दौड़ शुरू करने वाले 20 वर्षीय थार्प शुरुआत में थोड़े धीमे नजर आए, लेकिन तीसरी बाधा पार करने के बाद उन्होंने बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने शानदार गति पकड़ी और दमदार अंदाज में दौड़ समाप्त की।

थार्प ने कहा,“मुझे पता था कि इस प्रतियोगिता तक पहुंचते-पहुंचते मेरी तैयारी बहुत अच्छी हो जाएगी, क्योंकि हमने इसी प्रतियोगिता के लिए अपनी फिटनेस को चरम स्तर तक पहुंचाने की योजना बनाई थी। मुझे विश्वास था कि मैं कुछ असाधारण कर सकता हूं, बस उसे सही तरीके से अमल में लाना था।”

थार्प ने इससे पहले वर्ष 2024 अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक भी जीता था।

हालांकि, थार्प के इस विश्व रिकॉर्ड को अभी विश्व एथलेटिक्स की आधिकारिक मंजूरी मिलना बाकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0