ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन: पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा क्वार्टर फाइनल में, तान्या हेमंथ बाहर

11 Jun 2026 16:57:53
भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधु


सिडनी, 11 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधु ने प्री-क्वार्टर फाइनल में भारतीय खिलाड़ी इशारानी बरुआ को 42 मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 21-12 से हराया। पहले गेम में कड़ी चुनौती मिलने के बाद सिंधु ने दूसरे गेम में पूरी तरह दबदबा बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना चीनी ताइपे की चेन सू यू से होगा।

दूसरे भारतीय मुकाबले में 17 वर्षीय तन्वी शर्मा ने अपनी शानदार लय बरकरार रखते हुए मालविका बंसोड़ को 21-13, 21-15 से हराया। तन्वी ने इससे पहले पांचवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी चिउ पिन-चियान को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। अब क्वार्टर फाइनल में उनके सामने जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची की चुनौती होगी।

भारत की तान्या हेमंथ का सफर समाप्त हो गया। उन्हें दूसरे दौर में थाईलैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ 12-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा।

पुरुष युगल में भारत की जोड़ी हरिहरन अम्सकरुणन और एमआर अर्जुन ने ऑस्ट्रेलिया की जोड़ी माइकल ओवेन और डिलन सोएदजासा को 21-17, 21-7 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अब उनका सामना चीनी ताइपे की जोड़ी चेन चेंग कुआन और लियू कुआंग हेंग से होगा।

हालांकि, मिश्रित युगल में भारत के ध्रुव रावत और के. मनीषा को जापान की जोड़ी अकिरा कोगा और नात्सु साइटो के खिलाफ 19-21, 18-21 से हार झेलनी पड़ी और उनका अभियान समाप्त हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0