बंगाल के संदेशखाली में तालाब से 16 आग्नेयास्त्र और 2345 जिंदा कारतूस बरामद

11 Jun 2026 17:56:54
बरामद हथियार


कोलकाता, 11 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली हथियार मामले में राज्य पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को जांच के दौरान एक और बड़ी सफलता मिली है। ताजा कार्रवाई में बसिरहाट पुलिस जिला क्षेत्र में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान गुरुवार काे एक तालाब से 16 अतिरिक्त आग्नेयास्त्र और 2345 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह कार्रवाई बसिरहाट और बारुईपुर क्षेत्र में चल रहे संयुक्त अभियान का हिस्सा है। इस बरामदगी के साथ ही पूरे मामले में अब तक कुल 51 आग्नेयास्त्र और 2705 जिंदा कारतूस जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस ने पुष्टि की है कि विशेष थाना मामला संख्या 18/2026 के तहत जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

ताजा बरामदगी के दौरान सुरक्षा बलों ने एक तालाब से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद निकाला, जिन्हें पहले चादरों में लपेटकर छिपाया गया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस तरह की बरामदगी से यह संकेत मिलता है कि इलाके में अवैध हथियारों का संगठित नेटवर्क सक्रिय था और उसे लेकर जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसके पहले 6 जून को पहले छापेमारी की गई थी जिस दौरान हथियार बरामद हुए थे।

पहले, संदेशखाली क्षेत्र में एसटीएफ ने सरबेरिया, आकुंजीपाड़ा, बसंती और कुमड़ेखाली सहित कई इलाकों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की थी। उस दौरान 17 से अधिक आग्नेयास्त्र और 35 राउंड गोलियां बरामद की गई थीं, साथ ही छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। बाद में जांच के दौरान अलग-अलग स्थानों से और हथियार मिलने की पुष्टि हुई, जिससे कुल बरामदगी बढ़ती गई।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों के कथित तौर पर स्थानीय प्रभावशाली नेटवर्क से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है। वहीं, रबिन दास और गोपाल दास जैसे कुछ नामों के ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया है, जिनके खिलाफ भी जांच जारी है।

एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि यह पूरा अभियान गुप्त सूचना के आधार पर चलाया जा रहा है और अवैध हथियारों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए आगे भी सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा। इसका संबंध पहले से गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस के बाहुबली नेता शाहजहां शेख से है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0