राज्यसभा चुनाव : गुजरात भाजपा के चारों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

11 Jun 2026 22:33:53
गुजरात भाजपा के चारों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित


गांधीनगर, 11 जून (हि.स.)। गुजरात समेत देश के विभिन्न राज्यों में रिक्त राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में गुजरात की चार राज्यसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र मेघजीभाई कणजारिया को आधिकारिक रूप से निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है।

चारों सीटों पर किसी अन्य दलों ने उम्मीदवार नहीं उतारे। इस कारण अब गुजरात में 18 जून को प्रस्तावित राज्यसभा चुनाव नहीं होगा। गुजरात विधानसभा में भाजपा के 161 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 12 और आम आदमी पार्टी (आआपा) के पांच विधायक हैं। पर्याप्त संख्या बल नहीं होने के कारण विपक्षी दलों ने चुनाव मैदान में प्रत्याशी नहीं उतारे। इसी के चलते चुनाव आयोग ने भाजपा के चारों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि गुजरात से राज्यसभा में कांग्रेस के एकमात्र सांसद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है। इसके बाद जून माह के अंत से राज्यसभा में गुजरात कांग्रेस का प्रतिनिधित्व पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0