
मुरादाबाद, 12 जून (हि.स.)। मुरादाबाद अंडर-12 समर क्रिकेट कप में शुक्रवार को पहले मैच में ब्रास सिटी क्रिकेट एकेडमी ने यूथ क्रिकेट एकेडमी को 190 रन के बड़े अंतर से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में सीएसएस क्रिकेट एकेडमी ने नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी को 17 रन से हराकर जीत हासिल की। ब्रास सिटी क्रिकेट एकेडमी के मो. अरबाज व सीएसएस के मेराज को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
रुक्मणी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पहले मुकाबले में श्रीब्रास सिटी क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में छह विकेट पर 242 रन बनाए। मो. अरबाज ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंद पर नाबाद 97 रन बनाए, जबकि नीतीश कुमार ने 58 और अंश औलख ने 36 रन का योगदान दिया। यूथ क्रिकेट एकेडमी की ओर से रिशु मीना और अंश ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ क्रिकेट एकेडमी की टीम 18 ओवर में मात्र 52 रन पर सिमट गई। इसमें भव्य ने नौ और अरीब ने आठ रन का योगदान दिया। श्री एच के लिए मयंक कुमार और मयंक सैनी ने तीन-तीन विकेट झटके। मो. अरबाज को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसके साथ ही दूसरे मुकाबले में सीएसएस क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 175 रन बनाए। टीम की ओर से मन्नान उमर ने 57 रन की पारी खेली, जबकि मुकुल कुमार ने 28 और शुऐब खान ने 27 रन बनाए। नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी की ओर से मो. आजम सैफी ने चार विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
जवाब में नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी की टीम 28.3 ओवर में 158 रन पर ऑलआउट हो गई। अल्यान मलिक ने 40, मो. आजम सैफी ने 37 और गुरु ने 17 रन बनाए। सीएसएस क्रिकेट एकेडमी के मेराज ने तीन विकेट लिए, जबकि कामरान, सैय्यद अदनान और मो. अबूबकर ने एक-एक विकेट हासिल किया। मेराज को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच में अंपायरिंग अंकित कुमार और प्रिंस कश्यप ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी मो. अरीब ने निभाई। इस दौरान टूर्नामेंट आयोजक एवं कोच मो. हसीन, रुक्मणी ग्रुप ऑफ कॉलेज के अध्यक्ष सिद्धार्थ मलिक, मो. सयाम, मोबिन मलिक, जलालुद्दीन, ओम दत्त शर्मा, तरुण चीमा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल