विदेशी मुद्रा भंडार 71.1 करोड़ डॉलर घटकर 681.61 अरब डॉलर पर

12 Jun 2026 19:31:53
विदेशी मुद्रा भंडार के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 12 जून (हि.स)। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच आर्थिक र्मोचे पर झटका लगने वाली खबर है। लगातार तीसरे हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज हुई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार पांच जून को समाप्त हफ्ते में 71.1 करोड़ डॉलर घटकर 681.61 अरब डॉलर रह गया।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि पांच जून को समाप्त हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटकर 681.61 अरब डॉलर रहा है। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 93.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 682.32 अरब डॉलर रहा था।

आरबीआई आंकड़ों के मुताबिक पांच जून को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां (एफसीए) 270.4 करोड़ डॉलर घटकर 543.44 अरब डॉलर रह गईं। हालांकि, इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.97 अरब डॉलर बढ़कर 114.57 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

आरबीआई ने बताया कि इस अवधि में विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 1.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.76 अरब डॉलर हो गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित कोष की स्थिति 4.826 अरब डॉलर रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले देश का विदेशी मुद्रा भंडार 27 फरवरी, 2026 को समाप्त हफ्ते में 728.49 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। डॉलर के संदर्भ में विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में उतार-चढ़ाव का प्रभाव भी शामिल होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0