राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक के लिए अयोध्या पहुंचे नृपेन्द्र मिश्रा

13 Jun 2026 19:33:53

अयोध्या, 14 जून (हि.स.)। श्रीराम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्र शनिवार को अयोध्या पहुंचे और हनुमान गढ़ी में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए।

दर्शन-पूजन के बाद मिश्रा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे मंदिर निर्माण समिति की बैठक में हिस्सा लेने के लिए यहां पहुंचे हैं। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े सवाल पर मिश्रा ने कहा, मैं मंदिर निर्माण से जुड़ा हूं। मंदिर निर्माण समिति की बैठक में हिस्सा लेने यहां आया हूं। दानपात्र से धनराशि गायब होने का मामला श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का आंतरिक विषय है जिसे ट्रस्ट के पदाधिकारी देख रहे हैं।

वहीं, अयोध्या के प्रमुख संतों ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे की चोरी की निष्पक्ष जांच की मांग की है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने कहा कि राम मंदिर से हिंदुओं की आस्था जुड़ी हुई है। इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

हनुमान गढ़ी के संत शिव कुमार दास और श्रीराम आश्रम अयोध्या के महंत जयराम दास ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की बात उठ रही है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद विनय कटियार और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Powered By Sangraha 9.0