अमेरिका-ईरान वार्ता निर्णायक मोड़ पर, हस्ताक्षर की तारीख पर असमंजस

13 Jun 2026 20:19:53

तेहरान/इस्लामाबाद, 13 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं, लेकिन इसके औपचारिक स्वरूप और समय-सीमा को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। वार्ता प्रक्रिया में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान और ईरान के अधिकारियों ने समझौते की संभावना तो जताई है, लेकिन इसके अंतिम रूप लेने के समय को लेकर उनके बयान अलग-अलग हैं।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया मंच पर कहा कि दोनों पक्ष पहले से कहीं अधिक शांति समझौते के करीब हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले 24 घंटों के भीतर किसी महत्वपूर्ण प्रगति या समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है।

वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने संकेत दिया कि समझौते के लिए बातचीत जारी है, लेकिन किसी रूपरेखा पर हस्ताक्षर तत्काल होने की संभावना नहीं है। उनके बयान से यह स्पष्ट हुआ कि ईरान जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के पक्ष में नहीं दिख रहा।

इस बीच क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी हुई हैं। ओमान के तट के पास एक अंतरराष्ट्रीय तेल टैंकर पर अज्ञात मिसाइल या ड्रोन से हमला हुआ है, जिससे समुद्री इलाके में तनाव बढ़ गया है। राहत की बात यह है कि जहाज पर मौजूद सभी कर्मचारी (क्रू) सुरक्षित हैं और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।

उधर, ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़ी तैयारियों की भी घोषणा की गई है। सरकारी मीडिया के अनुसार अंतिम संस्कार समारोह 04 जुलाई से शुरू होगा, जबकि दफन की प्रक्रिया 09 जुलाई को मशहद में संपन्न होगी।

कूटनीतिक मोर्चे पर ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने तेहरान में रूस और चीन के राजदूतों से मुलाकात की। बैठक में अमेरिका के साथ प्रस्तावित समझौते और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा हुई।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0