धर्मशाला वनडे : सुबह से बारिश का दौर जारी, कम हो सकते हैं ओवर

13 Jun 2026 13:46:53
बीती शाम हुई बारिश है बाद क्रिकेट स्टेडियम का नजारा।


धर्मशाला, 13 जून (हि.स.) । धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान के बीच दोपहर बाद शुरू होने वाले एकदिवसीय मैच पर बारिश का साया बना हुआ है। धर्मशाला में बीती रात के बाद सुबह से ही हल्की बारिश का दौर जारी है जिससे निर्धारित समय पर मैच शुरू होने को लेकर फिलहाल असमंजस बना हुआ है। हालांकि क्रिकेट प्रेमियों में मैच को लेकर पूरा जोश बरकरार है और सुबह करीब 11 बजे से दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट खोल दिये गए हैं जिसके चलते धीरे धीरे क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम का रुख कर रहे हैं। मौसम के इस मिजाज का खासकर बाहरी राज्यों से आये दर्शक पूरा लुत्फ के रहे हैं। धौलाधार की पहाड़ियों में बीती रात ताजा हिमपात हुआ है जिससे तापमान में काफी कमी हुई है। वहीं बारिश के दौर के बीच दर्शक समय पर मैच के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना यह है कि मौसम का यह मिजाज मैच को तय समय में शुरू करने देता है या फिर ओवर कम करके मैच करवाया जा सकता है।

उम्मीद है कि मैच में बेशक निर्धारित 50-50 ओवर को कम करके मैच को करवाया जाए ताकि दर्शकों को धर्मशाला के खूबसूरत स्टेडियम और सुहावने मौसम के बीच क्रिकेट का मजा ले सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Powered By Sangraha 9.0