लेबनान निर्णायक मोड़ पर, राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने राष्ट्रीय एकता पर दिया जोर

13 Jun 2026 20:52:53

बेरूत, 13 जून (हि.स.)। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने कहा है कि देश एक महत्वपूर्ण और निर्णायक दौर से गुजर रहा है, जहां उसे अपने भविष्य की दिशा स्पष्ट रूप से तय करनी होगी। उन्होंने संकेत दिया कि लेबनान के सामने विकल्प है कि वह कानून और संस्थाओं पर आधारित मजबूत राष्ट्र बने या फिर विभिन्न हथियारबंद समूहों के प्रभाव में बना रहे।

पूर्व मंत्री टोनी सुलेमान फ्रांगिये की हत्या की बरसी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति आउन ने राष्ट्रीय एकता को देश की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में लेबनान को आंतरिक मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक हितों को प्राथमिकता देनी होगी।

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि देश के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना केवल राष्ट्रीय सहमति और मजबूत संस्थाओं के माध्यम से ही किया जा सकता है। उन्होंने धार्मिक, राजनीतिक और क्षेत्रीय विभाजनों से बचने की अपील करते हुए कहा कि यह समय एकजुट होकर आगे बढ़ने का है।

आउन ने यह भी कहा कि बाहरी प्रभावों और आंतरिक खींचतान से दूर रहकर ही लेबनान स्थिरता, सुरक्षा और विकास की दिशा में आगे बढ़ सकता है। उनके अनुसार, देश की संप्रभुता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0