नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 15 जून से शुरू करेगी कमर्शियल उड़ानें, इंडिगो की होगी पहली फ्लाइट

13 Jun 2026 19:51:53
इंडिगो के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 13 जून (हि.स)। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो 15 जून से जेवर में स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें शुरू करेगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू सोमवार को पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 15 जून को कमर्शियल उड़ानें शुरू होंगी। इंडिगो पहली फ्लाइट ऑपरेट करेगी। एयरलाइन की पहली उड़ान लखनऊ से नोएडा एयरपोर्ट के लिए होगी, जो लखनऊ से सुबह 7:05 बजे उड़ेगी और 8:05 बजे नोएडा पहुंचेगी। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में बना यह एयरपोर्ट अब दिल्ली-एनसीआर का दूसरा इंटरनेशनल गेटवे बन जाएगा।

पहली उड़ानें और शुरुआती रूट नेटवर्क

इंडिगो एयरलाइन की पहली कमर्शियल उड़ान लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए चलेगी, यह सुबह 7:05 बजे रवाना होगी और सुबह 8:05 बजे पहुंचेगी। 16 जून से बेंगलुरु के लिए उड़ानें शुरू होंगी। इसके बाद जुलाई 2026 से नवी मुंबई, भोपाल, देहरादून, जोधपुर और बरेली के लिए सर्विस शुरू की जाएगी।

इंडिगो सबसे पहले अपनी सेवाएं शुरू करेगी और उसके बाद के चरणों में आकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी, जिससे प्रमुख घरेलू रूटों पर कनेक्टिविटी बढ़ेगी। आने वाले हफ्तों में एयरपोर्ट 16 से ज्यादा घरेलू रूट जोड़ेगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मार्च को किया था।

यात्रियों के लिए आधुनिक अनुभव और स्मार्ट सुविधाएं

इस एयरपोर्ट को यात्रियों की सुविधा और टेक्नोलॉजी पर खास ध्यान देते हुए डिजाइन किया गया है। यहां मिलने वाली सुविधाओं में सेल्फ-चेक-इन कियोस्क, डिजीयात्रा सिस्टम के तहत बायोमेट्रिक बोर्डिंग, ऑटोमेटेड बैगेज ड्रॉप काउंटर और ज्यादातर पेपरलेस ट्रैवल प्रोसेस शामिल हैं, जिनका मकसद भीड़ और इंतज़ार के समय को कम करना है।

दिल्ली-एनसीआर कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा

रणनीतिक रूप से सही जगह पर स्थित यह एयरपोर्ट नोएडा से लगभग 40 किमी, ग्रेटर नोएडा से 28 किमी और नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लगभग 72 किमी दूर है। इस लोकेशन की वजह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर इलाके के लाखों यात्रियों का यात्रा का समय काफी कम होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0