रूसी सेना का दावा, पिछले 24 घंटाें में यूक्रेन के 1100 से ज़्यादा सैनिक मारे गए

13 Jun 2026 17:00:53

मॉस्को, 13 जून (हि.स./ रिया नोवोस्ती)। रूस ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में पांच रूसी सैन्य टुकड़ियों के साथ मोर्चों में यूक्रेन के लगभग 1125 सैनिक मारे गये हैं और इसके अलावा भारी मात्रा में सैन्य साजाे सामान का नुकसान हुआ है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा, रूस की वोस्तोक (पूर्व) सैन्य टुकड़ी के साथ लड़ाई में यूक्रेनी सेना ने 510 से ज़्यादा सैनिक, तीन बख्तरबंद लड़ाकू वाहन, आठ गाड़ियां और अमेरिका में बना 155 मिमी का पैलाडिन सेल्फ-प्रोपेल्ड आर्टिलरी सिस्टम खो दिया है।

मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा, पिछले एक दिन में सेंत्र (मध्य) सैन्य टुकड़ी ने 315 से ज़्यादा, सेवर (उत्तर) सैन्य टुकड़ी ने 235 से ज़्यादा, ज़ापाद (पश्चिम) सैन्य टुकड़ी ने 220 से ज़्यादा, युगा (दक्षिण) सैन्य टुकड़ी ने 115 तक और निपर सैन्य टुकड़ी ने करीब 45 यूक्रेनी सैनिकों को मार गिराया है। इसके अलावा, इन सैन्य मोर्चों पर साजो-सामान का भी काफी नुकसान हुआ है।

मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन भंडारगृह, यूक्रेनी सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ऊर्जा एवं यातायात के बुनियादी ढांचों और 142 इलाकों में यूक्रेनी सेना की टुकड़ियों एवं विदेशी भाड़े के सैनिकों के अस्थायी ठिकानों पर भी हमले किए।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

Powered By Sangraha 9.0