टीएमसी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने भूपेन्द्र यादव से मुलाकात की

13 Jun 2026 18:17:53
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ( फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 13 जून (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में मची भगदड़ के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने शनिवार को यहां भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। उनके साथ सांसद शताब्दी रॉय भी मौजूद थीं।

हालांकि इस मुलाकात की आधिकारिक जानकारी अभी नहीं दी गयी है।

सूत्रों ने बताया कि टीएमसी के सभी 19 बागी सांसदों की रविवार को बैठक होगी, जिसमें पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में सुदीप बंदोपाध्याय भी मौजूद रहेंगे।

इससे पहले भूपेंद्र यादव के आवास पर टीएमसी के 19 बागी सांसदों की बैठक हुई थी और अब सुदीप बंदोपाध्याय के भूपेंद्र यादव से मुलाकात के बाद यह माना जा रहा है कि वह भी इन बागी सांसदों में शामिल हो सकते हैं। भूपेंद्र यादव पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के प्रभारी थे।

सुदीप बंदोपाध्याय कोलकाता उत्तर लोकसभा क्षेत्र से लगातार छठवीं बार के सांसद हैं। क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को टीएमसी के बागी सांसदों के दस्तखत वाली चिट्ठी सामने आई थी, जिसमें 19 सांसदों के हस्ताक्षर हैं। इन सांसदों की सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात हो सकती है। उसके बाद टीएमसी को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।

इस चिठ्ठी में काकोली घोष, यूसुफ पठान, सायोनी घोष, प्रसून बंदोपाध्याय, जगदीश बर्मा बसुनिया, माला रॉय, रचना बनर्जी, मिताली बैग, दीपक अधिकारी, जून मालिया, पार्थ भौमिक, खलीलुर्रहमान, अरुप चकवर्ती, बापी हलदर, डॉ. शर्मिला सरकार, असित कुमार, अबू ताहिर खान और शताब्दी रॉय जैसे बड़े नाम हैं।

इससे पहले तीन जून को टीएमसी के 80 में से 58 विधायकों ने पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अलग गुट के रूप में मान्यता दिए जाने की मांग की थी, जिसे अध्यक्ष ने मंजूर भी कर लिया था।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0