मनप्रीत सिंह ने रचा इतिहास, दिलीप तिर्की के 412 अंतरराष्ट्रीय मैचों के रिकॉर्ड की बराबरी

14 Jun 2026 20:02:53
मनप्रीत सिंह ने रचा इतिहास, दिलीप तिर्की के 412 अंतरराष्ट्रीय मैचों के रिकॉर्ड की बराबरी की


नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह ने भारतीय हॉकी इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। नीदरलैंड्स के रॉटरडैम में खेले गए एफआईएच पुरुष प्रो लीग मुकाबले में मैदान पर उतरते ही उन्होंने भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी और हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की के 412 अंतरराष्ट्रीय मैचों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

इस उपलब्धि के साथ मनप्रीत भारतीय हॉकी के इतिहास में सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। वह वर्तमान में सक्रिय खिलाड़ियों में 400 से अधिक अंतरराष्ट्रीय कैप्स हासिल करने वाले एकमात्र खिलाड़ी भी हैं।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने मनप्रीत को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी वर्षों की मेहनत, समर्पण और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मनप्रीत आगे भी भारतीय हॉकी के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे और कई नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने भी मनप्रीत की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय टीम के साथ उनका सफर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि दबावपूर्ण परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन करने की उनकी क्षमता और वरिष्ठ खिलाड़ी के रूप में नेतृत्व ने भारतीय हॉकी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0