राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून से पांच दिवसीय मध्य प्रदेश प्रवास पर रहेंगी

14 Jun 2026 23:09:53
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फाइल फोटो)


- बैतूल, ओंकारेश्वर और जबलपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी, कूनो नेशनल पार्क का करेंगी भ्रमण

इंदौर, 14 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 18 जून को मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय प्रवास पर आ रही हैं। वे यहां 22 जून तक बैतूल, ओंकारेश्वर और जबलपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी और श्योपुर जिले के प्रसिद्ध कूनो नेशनल पार्का भ्रमण भी करेंगी।

इंदौर जिला प्रशासन द्वारा रविवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून को प्रात: 7.55 बजे दिल्ली से वायुयान द्वारा प्रस्थान कर प्रात: 9.25 बजे इंदौर एयरपोर्ट आएंगी। यहां से वे प्रात: 9.35 बजे हेलिकॉप्टर द्वारा बैतूल के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति प्रात: 11.10 बजे बैतूल में ब्रम्हाकुमारीज के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके पश्चात राष्ट्रपति दोपहर 12.20 बजे बैतूल से ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगी और दोपहर 1.40 बजे ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। वे शाम 6.20 बजे ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन कर आरती में शामिल होंगी। वे रात्रि विश्राम एनएचडीसी गेस्ट हाउस ओंकारेश्वर में करेंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अगले दिन 19 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रात: 9.50 बजे अंतरराष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। वे प्रात: 11.30 बजे ओंकारेश्वर से प्रस्थान कर दोपहर 12.15 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वे दोपहर 12.25 बजे इंदौर एयरपोर्ट से पश्चिम बंगाल के कलाईकुण्ड एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 20 जून को शाम 6.10 बजे वायुयान द्वारा जबलपुर एयरपोर्ट आएंगी। यहां से वे सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगी। वे रात्रि विश्राम जबलपुर के सर्किट हाउस में ही करेंगी। राष्ट्रपति अगले दिवस 21 जून को प्रात: 7.20 बजे जबलपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम के पश्चात राष्ट्रपति दोपहर 11.40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के 36वें कान्क्लेव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी।

इसके पश्चात् वे दोपहर 1.20 बजे जबलपुर एयरपोर्ट से ग्वालियर के लिए रवाना होंगी। वे दोपहर 2.20 बजे ग्वालियर पहुंचेंगी। यहां से वे हेलिकॉप्टर द्वारा कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी। वे दोपहर 3.35 बजे कूनो गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। राष्ट्रपति रात्रि विश्राम कूनो गेस्ट हाउस में करेंगी। वे अगले दिवस 22 जून को प्रात: 6.30 वे कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी। राष्ट्रपति प्रात: 10.20 बजे कूनो नेशनल पार्क हेलीपेड से प्रस्थान कर प्रात: 11.05 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगी और ग्वालियर एयरपोर्ट से प्रात: 11.15 बजे वे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0