बंगाल में केरल के युवक काे पीट-पीटकर मार डाला, 5 गिरफ्तार, 2 नाबालिग हिरासत में

14 Jun 2026 19:12:53
मालदा‌ गिरफ्तारी


कोलकाता, 14 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के कूलतली क्षेत्र में एक युवक को भाषा नहीं समझ में आने की वजह से चोरी के संदेह में रस्सी से बांधकर पीट-पीटकर मार डालने के मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि, मृतक युवक केरल का रहने वाला था और काम के सिलसिले में कूलतली के सांकीजहान इलाके में अपने एक परिचित के घर आया था। 9 जून की सुबह वह स्थानीय बाजार गया था। इलाके की सड़कों से अनजान होने के कारण वह गलती से दूसरे मोहल्ले में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि युवक बंगाली भाषा नहीं जानता था।

लोगों ने अजनबी युवक को इलाके में घूमते देखा तो उससे पूछताछ शुरू कर दी। कुछ लोगों ने उससे पहचान पत्र दिखाने को कहा। इसी दौरान कुछ लोगों को उस पर चोरी का संदेह हो गया। आरोप है कि इसके बाद युवक को रस्सी से बांध दिया गया और बेरहमी से पीटा गया।

सूचना मिलने पर कूलतली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को जयनगर-कूलतली ग्रामीण अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हालांकि, घटना 9 जून को हुई थी, लेकिन पुलिस को मामले की पूरी जानकारी शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो से मिली। वीडियो में युवक को रस्सी से बांधकर पीटते हुए देखा गया। वीडियो की जांच के बाद पुलिस को पता चला कि मृतक वही व्यक्ति है, जिसे ग्रामीणों ने चोरी के संदेह में पीटा था।

इसके बाद पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर 8 लोगों को हिरासत में लिया। देर रात पूछताछ के बाद 5 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया, 2 नाबालिगों को हिरासत में रखा गया, जबकि एक व्यक्ति को छोड़ दिया गया। सभी आरोपितों को अदालत में साेमवार काे पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0