महिला टी20 विश्व कप में भारत का विजयी आगाज, पाकिस्तान को 64 रन से हराया

14 Jun 2026 23:32:53
महिला टी20 विश्व कप में भारत का विजयी आगाज, पाकिस्तान को 64 रन से हराया


बर्मिंघम, 14 जून (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से पराजित कर दिया। एजबेस्टन मैदान पर खेले गए मुकाबले में भारत ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार प्रदर्शन किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 170 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की सफलता की नींव अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने रखी, जिन्होंने 44 गेंदों में 68 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे।

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन का उपयोगी योगदान दिया, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने आखिर के ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 17 गेंदों में 34 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शुरुआत में सकारात्मक रुख अपनाया और पावरप्ले में तेज रन बनाए। हालांकि मध्य ओवरों में भारतीय स्पिनरों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

भारत की जीत की सबसे बड़ी नायिका दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10 रन देकर पांच विकेट झटके। उनकी सटीक और नियंत्रित गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान का मध्यक्रम और निचला क्रम पूरी तरह बिखर गया।

बाएं हाथ की स्पिनर एन. श्री चरणी ने भी शानदार सहयोग देते हुए तीन विकेट हासिल किए। पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का अपेक्षित साथ नहीं मिला।

पाकिस्तानी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई और भारत ने 64 रन की प्रभावशाली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में दो महत्वपूर्ण अंक हासिल किए और अपने नेट रन रेट को भी मजबूत किया।

भारत की यह जीत विश्व कप जैसे बड़े मंच पर पाकिस्तान के खिलाफ उसके शानदार रिकॉर्ड को और मजबूत करती है। बल्लेबाजों के आत्मविश्वास और स्पिन आक्रमण की धार ने यह संकेत भी दिया कि भारतीय टीम इस बार खिताब की प्रबल दावेदारों में शामिल है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0