अमेरिका-ईरान शांति समझौते का वैश्विक स्वागत, कई देशों ने बताया- क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में अहम कदम

15 Jun 2026 23:36:53

जिनेवा/वॉशिंगटन, 15 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते को लेकर दुनिया के विभिन्न देशों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कई देशों ने इसे पश्चिम एशिया में तनाव कम करने, समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्रीय स्थिरता बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आशा जताई कि समझौते के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्र में शांति और स्थिरता को मजबूती मिलेगी। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इसे शांति की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और मध्यस्थता प्रक्रिया में शामिल सभी पक्षों की सराहना की।

कुवैत, चीन और ब्रिटेन सहित कई देशों ने पाकिस्तान और कतर की मध्यस्थ भूमिका की प्रशंसा करते हुए उम्मीद जताई कि यह समझौता क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षित समुद्री आवागमन का मार्ग प्रशस्त करेगा। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन और मिस्र ने भी समझौते का स्वागत करते हुए इसके सभी प्रावधानों के पूर्ण पालन पर जोर दिया।

इस बीच, स्विट्जरलैंड ने भी समझौते का स्वागत करते हुए इसे पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की दिशा में एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण पहल बताया है। स्विस विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा उसकी विदेश नीति की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और अमेरिका-ईरान के बीच बनी सहमति स्थिरता को बढ़ावा देने वाली पहल साबित हो सकती है।

स्विस विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, स्विट्जरलैंड अमेरिका, ईरान, पाकिस्तान और कतर के साथ लगातार संपर्क में है ताकि प्रस्तावित समझौते को औपचारिक रूप दिया जा सके।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0