महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, करनाल‑दिल्ली‑गोवा में 11 ठिकानों पर छापा

16 Jun 2026 12:27:53
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)


नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को करनाल, दिल्ली और गोवा में 11 परिसरों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े अशोक मित्तल, सौरभ धिंगरा, भारत भूषण मित्तल, रमन सिंघल और अन्य के ठिकानों पर की गई।

ईडी के अनुसार, यह तलाशी अभियान चंडीगढ़ शाखा द्वारा किया गया। मामला सीबीआई की एफआईआर पर आधारित है, जिसमें महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों और अन्य पर भारतीय दंड संहिता तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि कंपनी ने विदेशी लेटर ऑफ क्रेडिट (एफएलसी) की सीमा को धोखाधड़ी से बढ़ाने के लिए अनधिकृत स्विफ्ट संशोधन किए और फिनैकल सिस्टम में प्रविष्टियां नहीं कीं। इस धोखाधड़ी से ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और अन्य कंसोर्टियम बैंकों को लगभग 155.21 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

एजेंसी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। ईडी ने कहा कि आगे की जांच जारी है और दोषियों की जिम्मेदारी तय करने के लिए वित्तीय लेन‑देन की गहन पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0