सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास सिर्फ एक नारा नहीं, एक जनआन्दोलन : डा. के. लक्ष्मण

युगवार्ता    16-Jun-2026
Total Views |
भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की डॉक्टर के लक्ष्मण प्रेस कॉन्फ्रेंस


लखनऊ, 16 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. के. लक्ष्मण ने मंगलवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की यात्रा की बात कर रहें है। नरेन्द्र मोदी को 2014, 2019 और फिर 2024 में लगातार तीसरी बार जनता ने चुनकर साफ कर दिया है कि देश सिर्फ वादे नहीं, बल्कि काम देखता है और इसी जन-विश्वास की बदौलत एनडीए देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है। मोदी सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का आर्थिक व सामाजिक उत्थान है।

डा. लक्ष्मण ने कहा कि मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र को सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि इसे एक जनआन्दोलन बना दिया है। सरकार का एक ही लक्ष्य है कि हर योजना का शत प्रतिशत लाभ पंक्ति में खडे़ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे। इसी का नतीजा है कि बीते सालों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले है।

लक्ष्मण ने कहा कि तकनीक और डिजिटल गवर्नेंस की मदद से सीधे बैंक खातों में पैसा भेजकर लाखों फर्जी लोगों को हटाया गया। इससे न सिर्फ आम आदमी का काम आसान हुआ, बल्कि देश के 4.31 लाख करोड़ रूपये गलत हाथों में जाने से बच गए। मोदी के नेतृत्व में आज देश की सीमाएं और आंतरिक सुरक्षा पूरी तरह मजबूत है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाईयों ने साफ कर दिया है कि यह नया भारत है, जो चुप नहीं बैठता बल्कि मुंहतोड़ जवाब देता हैै।

सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति की वजह से देश आज नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है और हमारा रेड कॉरिडोर अब ग्रीन ग्रोथ जोन में बदल चुका है। पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी अब कटमनी और भ्रष्टाचार की राजनीति खत्म हो रही है और वहां के लोगों को उनका हक मिल रहा है। मोदी सरकार के विगत 12 वर्ष आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को सच करने की यात्रा है।

मोदी सरकार ने जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खोले, जिनमें 32 करोड़ से ज्यादा खाते सिर्फ महिलाओं के हैं। कोरोना जैसी महामारी के मुश्किल वक्त से लेकर अब तक 81 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। इलाज के खर्च से गरीब को बचाने के लिए आयुष्मान भारत योजना में 60 करोड़ से ज्यादा हेल्थ कार्ड बनें है। जिसमें मुफ्त इलाज की गारंटी मिली है। इसके अलावा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से भी 58 करोड़ से ज्यादा लोगों को एक मजबूत सुरक्षा कवच मिला है।

उन्होंने कहा कि गरीबों के जीवन को आसान बनाने के लिए पीएम आवास योजना के तहत 04 करोड़ से ज्यादा परिवारों को पक्के मकान दिऐ गए है। उज्ज्वला योजना के जरिए 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर धुएं से आजादी मिली है। गांवों के विकास के लिए जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से ज्यादा घरों तक नल से साफ पानी पहंुचाया जा चुका है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर देश में स्वच्छता की एक नई क्रान्ति लाई गई है।

डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि रेहड़ी-पटरी वाले भाई-बहनों के लिए पीएम स्वनिधि योजना से 74 लाख से ज्यादा लोगों को बिना किसी परेशानी के लोन मिला है। मुद्रा योजना के तहत छोटे काम धंधों के लिए बिना गारंटी 57 करोड़ से ज्यादा लोन बांटे गए हैं। वहीं छोटे कारीगरों को बढ़ावा देने के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना से 30 लाख लोगों को फायदा पहुंचाया गया।

डा. के लक्ष्मण ने कहा कि आजादी के 67 सालो में देश में मात्र 74 हवाई अड्डे थे। पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने 90 से अधिक नए हवाई अड्डे बनाए है, और आज यह संख्या 164 को पार कर गई है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू उड़ान बाजार बन गया है। उड़ान योजना ने हवाई चप्पल पहनने वाले को भी हवाई यात्रा का अवसर दिया है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की पढ़ाई और इलाज के लिए पिछले 12 सालो में 23 एम्स और मेडिकल कॉलेज को मंजूरी दी गई पूर्वोत्तर के लोगों की बरसों पुरानी मांग को पूरा करते हुए असम में पहला एम्स स्थापित किया गया है। बच्चों की सेहत के लिए मिशन इंद्रधनुष के तहत 5.4 करोड़ से ज्यादा बच्चों का मुफ्त टीकाकरण किया गया।

डा. के लक्ष्मण ने कहा कि बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के जीवन से जुडे 05 मुख्य स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया। आदिवासी समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर उन वीरों को सम्मान दिया गया जिन्हें इतिहास में भुला दिया गया था। हमारे संस्कृतिक आभा से प्रकाशित विश्व के 177 देश एक साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्णायक, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में कानून का राज, पारदर्शी नीति व प्रशासन तथा अंतिम व्यक्ति तक लाभ की गारंटी सुनिश्चित की है। यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश घोषणाओं का नहीं, परिणामों का प्रदेश बना है। योगी सरकार ने अपराध और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई और आज नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा है। यूपी में कानून व्यवस्था ही निवेश और विकास का सबसे बड़ा आधार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Tags