
नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते तथा कच्चे तेल की कीमत में अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई गिरावट से उत्साहित शेयर बाजार आज लगातार तीसरे कारोबारी दिन मजबूती के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। दिन के पहले सत्र के दौरान बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा, लेकिन दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक अच्छी बढ़त हासिल करने में सफल रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.71 प्रतिशत और निफ्टी 0.57 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एनर्जी और मीडिया सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह एफएमसीजी, रियल्टी, बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, मेटल, फार्मास्यूटिकल और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.41 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पौने तीन लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 472.26 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 469.55 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.71 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,407 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,368 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,886 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 153 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,007 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,732 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,275 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर बढ़त के साथ और नौ शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में और 21 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 262.44 अंक की तेजी के साथ 76,526.77 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक फिसल कर 76,443.34 अंक के स्तर पर आ गया।
हालांकि, दिन के दूसरे सत्र में खरीदारी का जोर बन जाने पर इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 544.15 अंक की बढ़त के साथ 76,808.48 अंक के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 70 अंक उछल कर 23,923.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद दिन के पहले सत्र में इस सूचकांक की चाल लगातार ऊपर नीचे होती रही। दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से निफ्टी 135.25 अंक की तेजी के साथ 23,989.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एचसीएल टेक्नोलॉजी 3.55 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 2.77 प्रतिशत, एनटीपीसी 2.14 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 2.12 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.03 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 3.11 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 1.71 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 1.17 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 0.92 प्रतिशत और आयशर मोटर्स 0.84 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक