एक्शन नहीं, कॉमेडी में नजर आ सकते हैं सूर्या

16 Jun 2026 12:37:53
सूर्या - फोटो सोर्स एक्स


साउथ सुपरस्टार सूर्या इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'करुप्पू' की सफलता का आनंद ले रहे हैं। सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी दर्शकों का दिल जीत रही है। इसी बीच अभिनेता की अगली फिल्मों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खबर है कि सूर्या अपनी 50वीं फिल्म के लिए निर्देशक नेल्सन दिलीप कुमार के साथ काम करने के इच्छुक हैं। हालांकि इस संभावित सहयोग को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्या की टीम ने नेल्सन दिलीप कुमार से एक कॉमेडी फिल्म को लेकर संपर्क किया है। बताया जा रहा है कि यह परियोजना फिलहाल शुरुआती चरण में है। हालांकि नेल्सन इस समय सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर 2' के निर्माण में व्यस्त हैं। इसके अलावा वह अपने एक अन्य बड़े प्रोजेक्ट की तैयारियों में भी जुटे हुए हैं, जिसके चलते इस सहयोग को लेकर अंतिम फैसला अभी बाकी है।

वहीं, 'करुप्पू' के बाद अब दर्शकों की निगाहें सूर्या की अगली फिल्म 'विश्वनाथ एंड संस' पर टिकी हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री मामिता बैजू मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। दिलचस्प बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला सनी देओल की 'बटवारा 1947' और इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' से होगा, जिससे स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0