केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने खादी प्राकृतिक पेंट निर्माण इकाई का किया निरीक्षण, स्वरोजगार योजनाओं की सराहना

17 Jun 2026 18:34:53
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी प्राकृतिक पेंटिंग भ्रमण करते


डेहरी-ऑन-सोन, 17 जून (हि.स.)। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री जीतन राम मांझी ने बुधवार को रोहतास जिले के इंद्रपुरी क्षेत्र अंतर्गत जमुहार में संचालित खादी प्राकृतिक पेंट निर्माण इकाई का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने इकाई की उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा उद्यमियों और लाभुकों से संवाद कर उनके अनुभवों की जानकारी ली।

यह इकाई वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत उद्यमी सुमन सौरभ द्वारा स्थापित की गई है। यहां गोबर आधारित प्राकृतिक और पर्यावरण-अनुकूल पेंट का निर्माण किया जा रहा है। यह पहल स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रही है।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने इकाई में निर्मित उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्वरोजगार योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में भी सहायक सिद्ध हो रही हैं।

इसके बाद मंत्री मांझी ने उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक भी की। बैठक में योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य प्राप्ति और लाभुकों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का विस्तृत आकलन किया गया।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वरोजगार और लघु उद्योगों को बढ़ावा देकर आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है।

बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) योजना के तहत रोहतास जिले ने निर्धारित लक्ष्य का 177 प्रतिशत हासिल किया है। इस उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्री ने संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर प्रसन्नता जताई कि रोहतास जिला पीएमईजीपी के तहत राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर सम्मानित हो चुका है।

इस उपलब्धि के लिए उन्होंने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक आशीष रंजन को बधाई दी और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के राज्य निदेशक, योजना के लाभुक, स्थानीय उद्यमी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

Powered By Sangraha 9.0