
रांची, 17 जून (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यालय पर पेट्रोल बम से हुए हमले के बाद पुलिस जांच तेज कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है, जबकि मामले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की टीम भी शामिल हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 16 जून की रात लगभग 12 बजकर 36 मिनट पर दो अज्ञात हमलावरों ने कार्यालय परिसर पर पेट्रोल बम से हमला किया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावरों को बम फेंकते हुए देखा गया है। बताया गया है कि एक पेट्रोल बम कार्यालय की छत पर गिरा, जिससे जोरदार धमाका हुआ।
घटना के बाद मौके पर पहुंची बीडीएस टीम ने जांच में पुष्टि की कि हमले में पेट्रोल का ही इस्तेमाल किया गया था और किसी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ बरामद नहीं हुआ है। अधिकारियों के अनुसार यह पूरी वारदात आगजनी की कोशिश से जुड़ी हुई प्रतीत होती है।
इसके बाद एनआईए की टीम ने भी घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और परिसर के कई हिस्सों की जांच की। हालांकि जांच के निष्कर्षों को आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं किया गया है।
पुलिस ने हमले में प्रयुक्त चार पहिया वाहन को बरामद कर लिया है और उसके मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही दोनों हमलावरों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के अनुसार मामले के खुलासे के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है।
संघ कार्यालय के प्रभारी नरसिंह कुमार की शिकायत पर चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में कहा गया है कि कार्यालय में लगभग 20 लोग रहते हैं और यह हमला गंभीर जनहानि का कारण बन सकता था। साथ ही संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।
प्राथमिकी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, पुलिस पिकेट की स्थापना और हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच कर दोषियों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही यह मांग की गयी है कि संघ कार्यालय को सुरक्षा दी जाय। संघ कार्यालय के पास पुलिस पिकेट बनाया जाय तथा हमला करने वालों पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की कृपा की जाए।
इस बीच, संघ कार्यालय पर हुए हमले का एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में यह साफ नजर आ रहा है कि हमलावरों के द्वारा फेंका गया एक पेट्रोल बम छत के ऊपर जाकर गिरा था, जिसकी वजह से जोरदार धमाका हुआ था। इससे पहले जो भी सीसीटीवी फुटेज मिले थे, उसे देखकर यह लग रहा था कि पेट्रोल बम आरएसएस कार्यालय के बाउंड्री के अंदर नहीं गिरे थे, लेकिन छत पर लगे सीसीटीवी फुटेज ने यह साबित कर दिया कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे