
पटना, 17 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा महानगर द्वारा राजधानी पटना में आयोजित “प्रबुद्ध सम्मेलन” को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।
सम्मेलन में उपस्थित बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति राष्ट्र और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें मंत्री या बड़ा नेता कहते हैं, लेकिन वे स्वयं को हमेशा “कार्यकर्ताओं का कार्यकर्ता” मानते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी पहचान है।
अपने संबोधन में उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के पुनर्जागरण और विश्वगुरु बनने का जो सपना उन्होंने देखा था, वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब दुनिया भारत को भ्रष्टाचार और घोटालों के नजरिए से देखती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व ने देश की छवि को पूरी तरह बदल दिया। आज भारत निवेश, नवाचार, आर्थिक विकास और वैश्विक नेतृत्व के लिए पहचाना जाता है। उन्होंने कहा कि वे पिछले 35 वर्षों से नरेन्द्र मोदी के साथ कार्य कर रहे हैं और उन्होंने हमेशा उन्हें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला नेता पाया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आतंकवाद और उसके समर्थकों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। भारत की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि गरीब कल्याण है। करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, शौचालय, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। बिहार में भी महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए उल्लेखनीय प्रयास हुए हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में आधारभूत संरचना का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वंदे भारत ट्रेनों, अटल टनल, आधुनिक सड़कों, डिजिटल इंडिया और ऊर्जा क्षेत्र में हुए सुधारों ने भारत की नई पहचान बनाई है। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि अनेक देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराकर मानवता की सेवा का उदाहरण भी प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज को कुछ महत्वपूर्ण संकल्प लेने होंगे। ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना तथा प्रत्येक नागरिक द्वारा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना समय की आवश्यकता है। किसान, शिक्षक, कर्मचारी, व्यापारी और समाज का प्रत्येक वर्ग अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करे, तभी विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।
अंत में केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार बिहार के विकास, किसानों की समृद्धि, ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विस्तार और गरीब कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अमृतकाल में नई उपलब्धियों का इतिहास रचेगा और विश्व पटल पर अपनी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएगा।
इस अवसर पर बिहार के कृषि मंत्री विजय सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुमार, संजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, प्रीति शेखर, जिला अध्यक्ष रूप नारायण, पूर्व विधायक पवन जायसवाल, प्रभाकर मिश्रा, हरि भूषण ठाकुर बचौल, सीता साहू सहित प्रदेश के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त