दूसरे वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को दिया 403 रनों का लक्ष्य, गिल और ईशान ने जड़े शतक

17 Jun 2026 18:09:53
शुभमन गिल


लखनऊ, 17 जून (हि.स.)। कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन की शतकों की मदद से भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को 403 रनों का लक्ष्य दिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 402 रन बनाए। गिल ने 110 गेंदों में 22 चौकों और दो छक्कों की मदद से 154 रन बनाए, जबकि ईशान ने 79 गेंदों में 14 चौकों और सात छक्कों के साथ 125 रनों की पारी खेली।

लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल दूसरे ओवर में ही आउट हो गए। जायसवाल ने चार रन बनाए। इसके बाद रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने कुछ अच्छे शॉट लगाए और पारी को आगे बढ़ाया। रोहित अर्धशतक लगाने के करीब पहुंच गए थे, लेकिन 39 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर वह आउट हो गए। दोनों ने मिलकर 87 रनों की साझेदारी की।

दो विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए ईशान किशन ने कप्तान गिल के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे। पहले गिल ने शतक लगाया और फिर ईशान ने भी शतक जड़ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने टीम का स्कोर 36 ओवर में 300 रन के पार पहुंचा दिया। ईशान ने 37वें ओवर में लगातार दो छक्के जड़े, लेकिन एक और बड़ा शॉट मारने के दौरान वह कैच आउट हो गए। ईशान ने 79 गेंदों में 125 रन बनाए।

भारतीय टीम को चौथा विकेट शुभमन गिल के रूप में गिरा। उन्होंने 154 रन बनाए। इसके बाद भारतीय टीम की पारी लड़खड़ा गई और पूरे ओवर भी नहीं पाई। टीम 49.5 ओवर में 402 रन पर ऑलआउट हुई। केएल राहुल खाता भी नहीं खोल पाए, जबकि श्रेयस अय्यर 26 रन, वाशिंगटन सुंदर 19 रन, गुरनूर बरार 3 रन, अर्शदीप सिंह 3 रन, प्रिंस यादव 5 रन और कुलदीप यादव नाबाद 3 रन का योगदान दिया।

अफगानिस्तान की ओर से नांगेयालिया खरोटी ने चार विकेट झटके, जबकि राशिद खान को तीन सफलता मिली। ए.एम. गजनफर और मोहम्मद सलीम सैफी को एक-एक विकेट मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0