हितेश रमेश चंद्र जोशी ने जीआईसी री के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का पद संभाला

17 Jun 2026 19:00:53
हितेश रमेश चंद्र जोशी का (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 17 जून (हि.स)। सार्वजनिक क्षेत्र की पुनर्बीमा कंपनी जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (जीआईसी री) ने बुधवार को हितेश रमेश चंद्र जोशी को अपना नया चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नियुक्त किया है। वे 1 अक्टूबर, 2025 से ही अंतरिम तौर पर यह भूमिका निभा रहे थे।

कंपनी के मुताबिक हितेश रमेश चंद्र जोशी ने 16 जून को आधिकारिक तौर पर अपना कार्यभार संभाल लिया है। वित्त मंत्रालय ने 15 जून को एक पत्र के जरिये हितेश रमेश चंद्र जोशी को चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त करने को मंजूरी दी है। उनकी नियुक्ति सेवानिवृत्ति तिथि 30 सितंबर, 2028 तक अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी। यह पद नारायणन रामास्वामी का दो वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बाद रिक्त हुआ था।

हितेश रमेश चंद्र जोशी ने अपनी नियुक्ति पर कहा कि मैं जीआईसी री की टीम के साथ मिलकर कंपनी की बाजार में अग्रणी स्थिति को और मजबूत करने, वैश्विक उपस्थिति का विस्तार करने तथा हितधारकों के लिए मूल्य सृजन जारी रखने की दिशा में काम करने को लेकर उत्साहित हूं।

बीमा और पुनर्बीमा क्षेत्र में तीन दशक से अधिक के अनुभव वाले हितेश रमेश चंद्र जोशी के पास इस क्षेत्र की व्यापक विशेषज्ञता और नेतृत्व का अनुभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0