भारत ने नीदरलैंड को 95 रन से हराकर टी-20 विश्व कप में दर्ज की दूसरी जीत

17 Jun 2026 23:12:53
भारत ने नीदरलैंड को 95 रन से हराकर टी-20 विश्व कप में दर्ज की दूसरी जीत


लीड्स, 17 जून (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए नीदरलैंड को 95 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। हेडिंग्ले स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन बनाए, जो इस विश्व कप में टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में नीदरलैंड की पूरी टीम 17.3 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।

भारत की जीत की नींव सलामी बल्लेबाजों स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने रखी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 115 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। मंधाना ने 74 रन की बेहतरीन पारी खेली और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं शेफाली वर्मा ने 55 रन बनाकर आक्रामक बल्लेबाजी का परिचय दिया।

210 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए। उन्होंने 17वें ओवर में तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर मुकाबले को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।

श्री चरणी ने ओवर की पहली गेंद पर फ्रेडरिक ओवरडिज्क को आउट किया। अगली ही गेंद पर मिर्थे वैन डेन राड बिना खाता खोले विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच आउट हो गईं। ओवर की अंतिम गेंद पर आइरिस ज्वीलिंग भी पवेलियन लौट गईं।

मैच का अंत भी शेफाली वर्मा ने शानदार अंदाज में किया। उन्होंने 18वें ओवर में दो गेंदों के अंतराल पर दो विकेट लेकर नीदरलैंड की पारी समेट दी। शेफाली ने बल्लेबाजी में अर्धशतक लगाने के साथ गेंदबाजी में भी तीन विकेट झटककर ऑलराउंड प्रदर्शन किया।

लगातार दूसरी जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। बल्लेबाजों और गेंदबाजों के संतुलित प्रदर्शन ने टीम के खिताबी अभियान को नई मजबूती प्रदान की है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0