

नई दिल्ली, 17 जून (हि.स)। प्रवीन खंडेलवाल ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ज्यादा मजबूत, तीव्र गति से विकसित होने वाला और व्यापार अनुकूल राष्ट्र बना है।
सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने नई दिल्ली में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में सुधार, सुशासन और विकास के जिस संकल्प के साथ यात्रा प्रारंभ हुई थी, वह आज विकास, नवाचार और समावेशी प्रगति के वैश्विक मॉडल के रूप में स्थापित हो चुकी है। खंडेलवाल ने भारत की आर्थिक स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में लगभग 2 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला भारत आज चार ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की अर्थव्यवस्था बन चुका है। वहीं, देश का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वित्त वर्ष 2014-15 के लगभग 106 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2024-25 में 330 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर पांच प्रमुख वैश्विक आर्थिक शक्तियों में शामिल है। इसके साथ ही आज भी दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि देश के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है, विदेशी मुद्रा भंडार भी ऐतिहासिक स्तर पर है तथा भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीएफआई) के नए रिकॉर्ड बने हैं। यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान क्रांति ने भारत को फिनटेक नवाचार और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व प्रदान किया है।
खंडेलवाल ने कहा कि मोदी सरकार की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक व्यापार सुगमता (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) को बढ़ावा देने की निरंतर प्रतिबद्धता रही है। जीएसटी, दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी), डिजिटल इंडिया, फेसलेस टैक्स असेसमेंट, नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम, पीएम गतिशक्ति, श्रम सुधार, उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाएं, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया, मुद्रा योजना, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेईएम) तथा डिजिटल गवर्नेंस के विस्तार जैसे ऐतिहासिक सुधारों ने भारत में पारदर्शी, दक्ष एवं निवेश-अनुकूल कारोबारी वातावरण तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, सेमीकंडक्टर मिशन, राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति तथा इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा विनिर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे उभरते क्षेत्रों को प्रोत्साहन देने की नीतियों ने भारत के विनिर्माण और नवाचार तंत्र को नई मजबूती प्रदान की है। खंडेलवाल ने कहा कि इन सुधारों का लाभ व्यापारियों, उद्योगों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और पारंपरिक व्यवसायों को समान रूप से मिला है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है, प्रक्रियाएं सरल हुई हैं, वित्त तक पहुंच आसान हुई है और नए बाजारों के अवसर उपलब्ध हुए हैं।
प्रेस वार्ता में भाजपा चांदनी चौक जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग, केशवपुरम जिला अध्यक्ष अजय खटाना सहित अनेक विधायक एवं निगम पार्षद भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर