राष्ट्रपति मुर्मु गुरुवार को ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी

17 Jun 2026 20:06:53
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फाइल फोटो)


खण्डवा, 17 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार, 18 जून को मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान ओंकारेश्वर पहुंचेंगी और यहां ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन एवं आरती में शामिल होंगी। राष्ट्रपति यहां रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन 19 जून को अंतरराष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

खंडवा जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 18 जून को दोपहर 12:30 बजे बैतूल से हेलिकॉप्टर से रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे ओंकारेश्वर पहुंचेंगी तथा एनएचडीसी गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति ओंकारेश्वर में शाम 6:20 बजे ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मन्दिर में दर्शन एवं आरती कर रात्रि विश्राम एनएचडीसी गेस्ट हाउस में करेंगी। अगले दिन 19 जून को राष्ट्रपति प्रातः 10 बजे अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर ओंकारेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति प्रातः 11:30 बजे ओंकारेश्वर हेलिपेड से इन्दौर के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति के दौरे के चलते सम्पूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र एवं कोठी हेलीपेड के आसपास 2 किमी. क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ऋषव गुप्ता ने ड्रोन नियम 2021 के तहत 17 से 19 जून तक सम्पूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र एवं कोठी हेलीपेड के आसपास के 2 किमी. क्षेत्र को “नो ड्रोन क्षेत्र” क्षेत्र घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि यह आदेश जिले के सम्पूर्ण ओंकारेश्वर क्षेत्र में प्रभावशील रहेगा। यदि कोई भी व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0