प्रधानमंत्री मोदी की जर्मन चांसलर से मुलाकात, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर जोर

17 Jun 2026 18:30:53
प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर


नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को फ्रांस के एवियन में जी7 समिट के दौरान जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग को अधिक मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया। चांसलर मर्ज ने प्रधानमंत्री को इस साल के आखिर में जर्मनी में होने वाली 8वीं भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी बातचीत (आईजीसी) के लिए आमंत्रित किया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में आई नई गति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, हरित और टिकाऊ विकास, तकनीक, इनोवेशन, शिक्षा और आवाजाही के क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।

उन्होंने रक्षा औद्योगिक सहयोग रोडमैप पर हस्ताक्षर और जर्मनी से होकर गुजरने वाले भारतीय नागरिकों के लिए ट्रांजिट वीज़ा छूट को लागू करने का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इनमें पश्चिम एशिया की स्थिति और रूस-यूक्रेन संघर्ष शामिल हैं। उन्होंने पश्चिम एशिया में संघर्ष को खत्म करने के लिए बनी सहमति का भी स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि भारत और जर्मनी 2026 में अपने राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मनाएंगे। इस साल दोनों नेताओं के बीच यह दूसरी मुलाकात है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0