मोदी ने ट्रम्प के समक्ष उठाया भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा

युगवार्ता    17-Jun-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प मुलाकात के दौरान


नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ हुई बैठक में भारतीय नाविकों (सीफेरर्स) की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि भारत के लाखों नाविक दुनिया के विभिन्न समुद्री क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं और वैश्विक व्यापार व आर्थिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र में शांति स्थापित करने के प्रयासों के साथ-साथ नाविकों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि ईरान की नाकेबंदी के दौरान अमेरिका की ओर से किए गए वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों में तीन भारतीयों की मौत हो गई थी और कुछ अन्य घायल हुए थे।

जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर हुई इस बैठक में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, समुद्री सुरक्षा और पश्चिम एशिया की स्थिति सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रम्प से मुलाकात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्ष वाशिंगटन में हुई भेंट के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में नई गति और नई ऊर्जा आई है तथा दोनों देशों की टीमें साझा लक्ष्यों को पूरा करने के लिए तेजी से कार्य कर रही हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति बहाली के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प के प्रयासों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के कारण क्षेत्र में शांति की नई किरण दिखाई दे रही है और आशा है कि इससे स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था की स्थिरता के लिए पश्चिम एशिया में शांति अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने होर्मुज जलडमरूमध्य में मुक्त आवाजाही के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि होर्मुज का खुला और सुरक्षित रहना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अनिवार्य है। भारत लंबे समय से समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवागमन और ‘फ्रीडम ऑफ नेविगेशन’ का समर्थन करता रहा है तथा इस सिद्धांत को सुनिश्चित करने के लिए सभी देशों को मिलकर प्रयास करने चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और दोनों देश अनेक क्षेत्रों में मिलकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सहयोग भविष्य में और अधिक व्यापक तथा प्रभावी बनेगा।

दूसरी ओर राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपने वक्तव्य में प्रधानमंत्री मोदी को लंबे समय से मित्र बताते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध उत्कृष्ट हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश व्यापार समझौतों और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साथ मिलकर काम कर रहे हैं तथा कई सकारात्मक पहलें आगे बढ़ रही हैं। ट्रम्प ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच मजबूत साझेदारी दोनों देशों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है और भविष्य में भी यह सहयोग नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags