सलमान खान ने फरहान अख्तर से मिलाया हाथ

17 Jun 2026 19:15:53
सलमान खान, फरहान अख्तर - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेता सलमान खान के अगले बड़े प्रोजेक्ट को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान इन दिनों फिल्म निर्माता फरहान अख्तर के साथ एक भव्य पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म को लेकर बातचीत कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह परियोजना बड़े पैमाने पर तैयार की जाएगी और इसकी कहानी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। हालांकि, फिल्म को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले करीब एक महीने से सलमान खान और फरहान अख्तर के बीच लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि सलमान को फिल्म की कहानी और इसे भव्य स्तर पर प्रस्तुत करने का विचार काफी पसंद आया है। निर्माताओं की योजना इसे बड़े पर्दे के लिए एक शानदार एक्शन मनोरंजन फिल्म के रूप में विकसित करने की है। यह भी चर्चा है कि कहानी को दो भागों में प्रस्तुत किया जा सकता है।

फरहान अख्तर इस परियोजना का निर्माण करेंगे, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी किसी अन्य निर्देशक को सौंपी जा सकती है। फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जाएगा, जिसकी स्थापना फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने की है। दोनों इस परियोजना को अपने सबसे महत्वाकांक्षी उपक्रमों में से एक मान रहे हैं।

फिलहाल सलमान खान निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की एक एक्शन फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके बाद वह राज और डीके की एक्शन-कॉमेडी फिल्म पर काम शुरू करेंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, फरहान अख्तर की यह ऐतिहासिक फिल्म 2027 की गर्मियों में फ्लोर पर जा सकती है। यदि यह परियोजना साकार होती है, तो पहली बार सलमान खान और फरहान अख्तर किसी बड़े फिल्मी प्रोजेक्ट में साथ काम करते नजर आएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0