बेरूत, 18 जून (हि.स.)। दक्षिणी लेबनान में गुरुवार को हुए इजराइली हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर किए गए हमलों में यह जनहानि हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कफर तेबनित कस्बे में एक कार को निशाना बनाकर किए गए इजराइली ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई। इससे पहले प्रारंभिक रिपोर्टों में एक व्यक्ति के मारे जाने की जानकारी दी गई थी, जिसे बाद में संशोधित किया गया।
इसके अलावा, जेबदीन कस्बे पर हुए एक अन्य हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई। हमलों के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति का आकलन कर रही हैं।
लेबनानी अधिकारियों के अनुसार, हाल के महीनों में सीमा क्षेत्र में हिंसा और सैन्य गतिविधियों में लगातार वृद्धि हुई है।
सरकारी समाचार एजेंसी का दावा है कि 02 मार्च से अब तक हुए इजराइली हमलों में 3,900 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। मृतकों में बच्चे, महिलाएं, स्वास्थ्यकर्मी और राहत कार्यों से जुड़े लोग भी शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा हजारों लोग घायल हुए हैं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित क्षेत्रों में शरण लेनी पड़ी है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय