बिहार की अक्षरा का महिला घरेलू क्रिकेट में नया कीर्तिमान, 126 गेंदों में जड़े नाबाद 306 रन

18 Jun 2026 18:37:55
फोटो


- अक्षरा ने अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान 55 चौके और 8 छक्के लगाए

भागलपुर, 18 जून (हि.स.)। बिहार की युवा महिला बल्लेबाज अक्षरा गुप्ता ने महिला घरेलू क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड ग्राउंड में गुरुवार से शुरू हुए बीसीए महिला अंडर-19 वन-डे ट्रॉफी टूर्नामेंट में नाबाद 306 रन बनाए।

अक्षरा ने अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान 55 चौके और 8 छक्के लगाए। उन्होंने 242.86 के प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से सिर्फ 126 गेंदों पर ये ताबड़तोड़ रन बनाए और मैदान पर करीब 233 मिनट बिताए। उनकी पारी की सबसे खास बातों में से एक थी उनकी तूफानी शुरुआत। अक्षरा ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 16 गेंदों में अर्धशतक और फिर 34 गेंदों में शतक पूरा किया।

अक्षरा को उनकी इस उपलब्धि पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने बधाई दी। उन्होंने एक बयान में कहा कि बिहार की महिला क्रिकेटर अपने प्रदर्शन से लगातार राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बीसीए खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और मंच प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रहा है और इस तरह की पारियां युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का काम करती हैं।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जियाउल अरफिन ने भी बधाई देते हुए कहा कि बीसीए महिला अंडर-19 वन-डे ट्रॉफी की शुरुआत में ही इस तरह की प्रतिभा का सामने आना बिहार में क्रिकेट के लिए बहुत सकारात्मक संकेत है। उन्होंने अक्षरा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अक्षरा गुप्ता की यह पारी अब महिला घरेलू क्रिकेट की सबसे यादगार पारियों में से एक बन गई है और इसने बीसीए महिला क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।

इससे पहले महिला घरेलू क्रिकेट में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर में मुंबई की इरा गुप्ता ने घरेलू राज्य-स्तरीय मैच में नाबाद 346 रन बनाए थे। उनकी पारी में 42 चौके और 16 छक्के शामिल थे। अक्षरा गुप्ता के नाबाद 306 और इरा गुप्ता के नाबाद 346 रन अब महिला घरेलू क्रिकेट में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर में शामिल हो गए हैं। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0