कर्नाटक विधान परिषद चुनाव का मतदान संपन्न, मतगणना शुरू

18 Jun 2026 18:25:53
Ex cm siddaramaiah voting pic


बेंगलुरु, 18 जून (हि.स.)। कर्नाटक राज्य की विधान परिषद के लिए सात सीटों के लिए चुनाव में आज मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। अब सभी की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। मतदान के बाद मताें की गणना शुरू हाे गई है।

दरअसल, राज्य की विधान परिषद के सात सदस्याें का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हाे रहा है। इन सीटाें के लिए विधानसौधा में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ, जिसमें सभी राजनीतिक दलों के विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, विपक्ष के नेता आर. अशोक तथा जनता दल (सेक्युलर) विधायक दल के नेता सीबी सुरेश बाबू सहित कई प्रमुख नेताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। मतदान के दौरान नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टियों की जीत को लेकर विश्वास व्यक्त किया।

राज्य की सात विधान परिषद की सात सीटाें के लिए सत्तारूढ़ कांग्रेस ने पांच उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने दो उम्मीदवारों को अवसर दिया है। जनता दल (सेक्युलर) ने भी अपना एक उम्मीदवार उतारा है, जिससे अंतिम सीट के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कांग्रेस अपनी संख्या बल के आधार पर पांचाें सीटें जीतने का दावा कर रही है, जबकि भाजपा को दो सीटें मिलने की उम्मीद है। सातवीं सीट के लिए कांग्रेस और भाजपा-जद (एस) समर्थित उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर देखी जा रही है। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना शुरू हो गई है और रात चुनाव परिणाम आने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Powered By Sangraha 9.0