राष्ट्रपति पवित्र नगरी ओंकारेश्वर पहुंचीं, हुआ आत्मीय स्वागत

18 Jun 2026 17:00:53
ओंकारेश्वर पहुंचने पर राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए मंत्रीगण और जनप्रतिनिधि


-शाम को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर आरती में शामिल होंगी राष्ट्रपति

भोपाल, 18 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय प्रवास के पहले दिन गुरुवार को बैतूल में आयोजित जनजातीय महासम्मेलन में भाग लेने के बाद पवित्र नगरी ओंकारेश्वर पहुंचीं, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। राष्ट्रपति यहां शाम को ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर आरती में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति मुर्मु का ओंकारेश्वर आगमन पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल और संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा प्रभारी मंत्री धर्मेन्द्र भावसिंह लोधी ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके अलावा जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायकगण नारायण पटेल, छाया मोरे व कंचन तन्वे, खण्डवा महापौर अमृता अमर यादव ने भी उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और अधिकारी मौजूद रहे।

बैतूल में हेलीपैड पर दी गई आत्मीय विदाई

इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मु एवं राज्यपाल पटेल को बैतूल हेलीपैड पर स्थानीय कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद आत्मीय विदाई दी गई। हेलीपैड पर केंद्रीय जनजाति कार्य मंत्री डीडी उईके, लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे एवं पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने राष्ट्रपति को आत्मीय विदाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0